19 साल से फरार लूट के 3 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, साइबर ठगी का दलाल भी दबोचा

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिजौलिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 19 साल से फरार लूट के तीन स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही साइबर ठगी में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक दलाल को भी दबोचा गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर 1 से 30 अप्रैल तक चल रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन व वृत्ताधिकारी बाबूलाल विश्नोई के सुपरविजन में थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। टीम ने मध्यप्रदेश के धार जिले के टांडा जंगल क्षेत्र से मच्छर सिंह उर्फ कमरु (65), रमेश उर्फ मेसिया (39) व नसरु (42) को गिरफ्तार किया, जो लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
इसके अलावा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी मामले में बैंक खाते खरीदकर ठगों को उपलब्ध कराने वाले दलाल भैरू सोनी (36) निवासी आरोली का झोपड़ा, थाना बिजौलिया को भी गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में पूर्व में तीन आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जा चुके हैं।
इस कार्रवाई  को अंजाम देने वालो में विनोद, श्रवण कुमार व मदनलाल का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।